
प्राग में रोमन साम्राज्य का वैभव पूरी ख़ूबसूरती के साथ क़ायम है। पूरा शहर वास्तुकला के स्वर्ग की तरह है। यहां प्राचीनता और आधुनिकता का ऐसा सुहाना संगम है कि जुबान से बरबस ही निकल पड़ता है- वाह! प्राग। आधुनिक यूरोप के इस जीवंत इतिहास की सैर पर चलिए अल्तमिश हुसैन के साथ..
यूरोप के भूले-बिसरे हिस्से में है चेक रिपब्लिक नामक देश और इसी की राजधानी है प्राग। यह न सिर्फ़ यूरोप के सबसे पुराने शहरों में शुमार है, बल्कि बेशक, सबसे ख़ूबसूरत नगरों में से भी एक है। आप दरअसल, प्राग में पुरानी दुनिया के आकर्षण की ख़ुशबू महसूस कर सकते हैं, जो पुराने और नए के सुहाने संयोग में पसरी हुई मिलती है।
वास्तुशैली की दृष्टि से पूरा शहर बाथिक और बरॉक़ शैली की इमारतों का स्वर्ग है। इतिहास के समंदर में इठलाते ये शहर उस दुनिया की कला, संस्कृति और क्यूबिक डिजाइन की भव्यता से सराबोर हैं। जर्मनी के म्यूनिख से हम ए9 आटोबैन पर चलते हुए प्राग के लिए निकले। यह पूरा सफ़र कुल मिलाकर 360 किलोमीटर का था। यहां पहुंचने के पल से ही नए और पुराने का बेमिसाल संगम आपको हैरान कर देता है।
प्राग को देखने का सबसे अच्छा तरीक़ा वही है, जो दुनिया के किसी भी छोटे शहर के लिए सर्वोत्तम होता है : पग-पग, पैदल। आपको सुबह जल्दी शुरुआत कर ओल्ड टाउन चौक पहुंचना चाहिए, जो प्राग का हृदय स्थल भी है। जब आप 600 साल पुरानी जटिल तारामंडलीय घड़ी के नीचे की ओर टाउन हॉल की प्रधानता वाले निराले आकार के प्लाजा में खड़े होते हैं, तो यह नजारा आपको विस्मय में डाल देता है- भव्य के बीच भी भव्यतम एफिल टावर से भी ज्यादा! और फिर जब आप मशहूर वेंसेलास स्क्वायर से होते हुए ओल्ड जूश क्वार्टर्स और चाल्र्स ब्रिज की ओर बढ़ते हैं, तो असली ड्रामा शुरू होता है।
वेंसेलास चौक ही वह जगह है, जो टॉम क्रूज की ‘मिशन इंपॉसिबल’ की शुरुआत में, जेम्स बॉन्ड की ‘कसिनो रॉयल’ और ‘क्रॉनिकल्स ऑफ नॉर्निया’ सहित अन्य फिल्मों में नजार आती है। मैं यह मानकर चल रहा हूं कि अभी हमें वापस चलना ही है, हम चाल्र्स ब्रिज पर ट्राम की सवारी के लिए रुक सकते हैं। यह निर्विवाद रूप से न केवल यूरोप में गोथिक शैली का सबसे प्रसिद्ध पुल है, बल्कि मैं तो बेहिचक इसे सबसे सुंदर और मनमोहक भी कहूंगा। 14वीं सदी में इसे तब के रोमन शासक और चेक किंग चाल्र्स चतुर्थ ने बनवाया था। चाल्र्स ब्रिज समेत प्राग की हर चीज के साथ एक कहानी जुड़ी है। इसका मूल नाम जुडिथ ब्रिज था, जिसे बाद में चाल्र्स का नाम दिया गया।
इस 516 मीटर लंबे ब्रिज पर यहां-वहां परफॉर्म करते गायकों, वायलिन वादकों और स्ट्रीट आर्टिस्ट को सुनने, कुछ समय बिताने के बाद आप पुल के दूसरे सिरे की ओर प्रस्थान कर सकते हैं, जहां से बीते दौर में आपकी असल यात्रा शुरू होती है। यह पहली रात के क़रीब 9 बजे का व़क्त था, जब हमने उस क्षेत्र में प्रवेश किया, जहां से आप वहां तक चल सकते हैं, जहां से प्रसिद्ध किला शुरू होता है। और यह अब तक मेरी नजारों के सामने आए सबसे ख़ूबसूरत नजारों में से एक के रूप में मेरी स्मृतियों में बसा हुआ है- कम से कम यूरोप के संदर्भ में तो मैं बेशक ऐसा कह सकता हूं।
यूरोप के ज्यादातर हिस्सों की तरह, यहां भी सूर्य इस समय डूबना शुरू होता है और आकाश, खा़सकर प्राग में (बिल्कुल ऐसा ही वेनिस में भी) चमकदार रॉयल ब्लू के अपने सबसे आश्चर्यजनक रंग में होता है। यह दृश्य आपको मंत्रमुग्ध कर देता है। एक अद्भुत अनुभव।
इस सेल्टिक कांक्रीट जंगल में विचरण करते हुए कोई भी स्वाभाविक रूप से भूख से बेहाल हो सकता है। हम भी हो गए थे। पर हमें ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा। एक छोटा-सा रेस्टरां हमारी नजारों के सामने था, और हम वाक़ई उसकी ओर दौड़ पड़े। यह क़िले की राह में सबसे ज्यादा सुंदर छुटकू टेवर्न-कम-सिगार बार-कम बिस्ट्रो था। एक दोस्ताना वेटर ने बताया कि यह लगभग 400 साल पुराना है और तब से न तो मालिक का कुनबा बदला है, न चारों ओर का मध्ययुगीन धुंधला परिवेश।
संदेह के साथ उसकी मुखर राजभक्ति की कहानियों को सुनते हुए हम मशहूर हॉल की ओर चल पड़े। हमने एक स्टीक-एंड-फ्राइस-ऑनली मील लिया। ख़ाना जबर्दस्त था। और नई ऊर्जा के साथ हम गोथिक कैसल का बाक़ी बचा रास्ता तय करने फिर निकल पड़े। इसी से लगा हुआ सेंट विटस कैथ्रेडल भी था, जो मेरी राय में यूरोप में वास्तुकला का तीसरा सबसे ख़ूबसूरत नमूना है। दरवाजों पर असंभव-सी लगने वाली शानदार नक्काशी के साथ, निश्चित तौर पर यह शायद पेरिस के भव्य नोत्रे देम कैथ्रेडल और मिलान के डुओमो के बाद सबसे असरदार और विशाल है।
और फिर जब आप छोटी पहाड़ी पर प्राग के शिखर तक पहुंचते हैं, तो आपकी ट्रिप आख़िरकार इस पुरानी आकर्षक यूरोपीय दुनिया के रंगारंग ड्रामा के चरम में प्रवेश कर जाती है। यहां पर आप एक बार फिर इस तथ्य के प्रति आश्वस्त होते हैं कि प्राग लंबे समय से भूले-बिसरे, महान, रोमन साम्राज्य का एक जमाने में केंद्र हुआ करता था। इस समय आप उस जगह के बुर्ज पर खड़े होते हैं, जो एक समय यूरोप का महानतम नगर था और स्पष्ट रूप से, बल्कि कहना चाहिए कि निश्चित तौर पर यूरोप का सबसे मनमोहक छोटा शहर है- अभी भी।
एक नजर में प्राग..
प्राग विल्टावा नदी के तट पर बसा है।
चेक रिपब्लिक की सीमाएं जर्मनी, ऑस्ट्रिया, स्लोवाकिया और पोलैंड से मिलती हैं।
प्राग में माइल्ड कॉन्टिनेंटल क्लाइमेट होता है।
इसकी करेंसी क्राउन कहलाती है। हमारे 100 रुपए 41.49 क्राउन के बराबर होते हैं।
59 किमी लंबे प्राग मेट्रो में 57 रेलवे स्टेशन हैं।
प्राग में मेट्रो के अलावा ट्राम सिस्टम, बसें, फेरी और पेटिन हिल पर चढ़ाने वाली फेनिक्युलर रेलवे भी है।
प्राग का एयरपोर्ट चेक रिपब्लिक का सबसे बड़ा हवाईअड्डा है। यहां कई यूरोपीय व कुछ उत्तर अमेरिकी शहरों से डेली फ्लाइट्स हैं।
प्राग यूरोसिटी रेल के माध्यम से बर्लिन, विएना, बुडापेस्ट जैसे यूरोपीय शहरों से सीधे जुड़ा है।
यहां पड़ोसी देशों से बसों, टैक्सियों के जरिए भी पहुंचा जा सकता है। बसों के लिए पांच रूट हैं।
प्रमुख आकर्षण : ओल्ड टाउन स्क्वायर के साथ पूरा ओल्ड टाउन, एस्ट्रोनॉमिकल क्लॉक, चाल्र्स ब्रिज, ओल्ड न्यू सिनेगॉग, वेंसेसलास चौक के साथ न्यू टाउन, प्राग कैसल, लेनन वॉल, जेन ब्रिज का स्टेच्यू, म्यूजियम ऑफ डेकोरेटिव आर्ट्स, विसेह्राड कैसल, पेट्रिन हिल पर ऑब्जर्वेशन टॉवर पेट्रिन्स्का, जो एफिल टावर की याद दिलाता है, फ्रेंज का़फ्का की समाधि, मेट्रोनाम, डांसिंग हाउस, प्राग जू, जिसे फोब्र्स पत्रिका ने विश्व का सातवां सबसे बेहतरीन चिड़ियाघर बताया था, जूश क्वार्टर्स।
सबसे ज्यादा बीयर
दुनिया के किसी भी देश के मुक़ाबले चेक निवासी सबसे ज्यादा बीयर पीते हैं। यहां हर साल प्रति व्यक्ति औसतन 43 गैलन बीयर की खपत होती है।
प्राग का प्रसिद्ध कैसल चेक राजा और राष्ट्रपति के अलावा रोमन राजाओं का निवास था। 18 एकड़ में फैले इस कैसल को दुनिया का सबसे बड़ा महल भी माना जाता है।
कुछ सौ साल पहले तक भी प्राग के वैज्ञानिक पत्थर से सोना बनाने वाली ‘तकनीक’ पर भरोसा करते थे। यहां के अमीर उन्हें खोज के लिए ख़ूब अनुदान देते थे। जितना ज्यादा अनुदान, उतना बड़ा स्टेटस।
का़फ्का समेत कई बड़े कलाकारों-लेखकों का मानना था कि उन्हें प्राग में जमीन के नीचे से आवाजों और झटके सुनाई देते हैं। वे मानते थे कि शहर की जमीन के नीचे भी लोग रहते हैं जो कि ड्रम बजाते हैं।